पुलिस भर्ती परीक्षा–2025 को सकुशल संपन्न कराने हेतु प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

पुलिस भर्ती परीक्षा–2025 को सकुशल संपन्न कराने हेतु प्रशासन सतर्क, जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

 

 

*जनपद के 10 केंद्रों पर होगी पुलिस भर्ती परीक्षा, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए मजिस्ट्रेटों व कार्मिकों की तैनाती*

 

 

*पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां तेज, जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था व कार्मिक तैनाती की समीक्षा की*

 

 

 

अम्बेडकरनगर।आगामी 14 व 15 मार्च 2026 जनपद के 10 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा–2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था, कार्मिकों की तैनाती तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर ड्यूटी पर लगाए गए समस्त मजिस्ट्रेट एवं अन्य कार्मिकों को परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु बोर्ड के निर्देशों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर पुलिस भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 3600 परीक्षार्थी प्रतिभा करेंगे। परीक्षा की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए सभी केंद्रों पर व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के सुचारु संचालन एवं प्रभावी पर्यवेक्षण के लिए जनपद में 10 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 10 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सहायक केंद्र व्यवस्थापक, कक्ष निरीक्षक तथा सहायक कक्ष निरीक्षक सहित बोर्ड के निर्देशानुसार पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सघन जांच, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने प्रत्येक परीक्षा कक्ष में बोर्ड के निर्देश के अनुसार अनिवार्य रूप से परीक्षार्थियों एवं कार्मिकों के मोबाइल फोन, बैग आदि को रखने के लिए उचित स्थान पर अलग-अलग क्लॉक रूम, दीवाल घड़ी एवं सीसीटीवी एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने दायित्व स्थल पर उपस्थित रहें तथा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु पूर्ण सतर्कता बरतें। इस अवसर पर उन्होंने सभी मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की गाइडलाइन का भलीभांति अध्ययन करने और परीक्षा की सभी प्रक्रियाओं में परीक्षा की गाइडलाइन एवं समयबद्धता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के निर्देश दिए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा इसकी स्वयं मॉनिटरिंग की जा रही है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने सभी कार्मिकों को समय से अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और अपने दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती परीक्षा के समस्त प्रक्रियाओं को गंभीरता से लें। इस अवसर पर उन्होंने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराए जाने हेतु सुरक्षा व्यवस्था के लिए किए गए व्यापक प्रबंध के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के प्रवेश के समय जांच के कार्य को पूरी सतर्कता एवं गंभीरता के साथ बेहतर ढंग से करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने बताया कि जनपद के सभी 10 केंद्रों पर दिनांक 14 एवं 15 मार्च 2025 को दो–दो पालियों ( प्रथम पॉली पूर्वाह्न 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक) में परीक्षा संपन्न होगी। बोर्ड द्वारा प्रथम पाली में परीक्षार्थियों के प्रवेश का समय पूर्वाह्न 8:00 बजे से पूर्वाह्न 9:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली में अपराह्न 1:00 बजे से अपराह्न 2:30 बजे तक निश्चित है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक एवं जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी कार्मिकों को बोर्ड के निर्देशानुसार परीक्षा के पूर्व, परीक्षा के दौरान एवं परीक्षा के उपरांत बरती जाने वाली सावधानियों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस एवं अन्य सामग्रियों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित है।

 

बैठक में मौके पर पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक समस्त सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट, समस्त केंद्र व्यवस्थापक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसी के साथ ही समस्त कक्ष निरीक्षकों द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया गया।