लापता युवक का शव तालाब में मिला: शिवरात्रि के दिन दोस्तों के साथ घर से निकला था, हत्या की आशंका

लापता युवक का शव तालाब में मिला: शिवरात्रि के दिन दोस्तों के साथ घर से निकला था, हत्या की आशंका

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में शिवरात्रि के दिन लापता हुए 27 वर्षीय युवक सौरभ मिश्रा का शव गुरुवार सुबह एक तालाब में मिला। यह घटना संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के मकसूदन का पुरवा बाबागंज गांव की है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। सौरभ तीन दिन पहले घर से निकले थे और तब से लापता थे।

परिजनों ने बताया कि सौरभ शिवरात्रि के दिन घर से निकले थे। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी और किसी अनहोनी की आशंका जताई। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी।गुरुवार सुबह गांव के कुछ लोग तालाब की ओर गए, जहां उन्होंने पानी में एक शव उतराता देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। शव की पहचान सौरभ मिश्रा के रूप में हुई, जिसके बाद परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार ने युवक की हत्या की आशंका व्यक्त की है।

परिवार ने आरोप लगाया है कि सौरभ अपने तीन दोस्तों के साथ घर से निकले थे। उनके दो दोस्त उसी शाम वापस लौट आए, लेकिन सौरभ नहीं लौटे। मृतक को कुछ युवकों के साथ नशा करते भी देखा गया था, जिससे नशे के दौरान किसी विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। मृतक सौरभ के पिता पारसनाथ किसान हैं। सौरभ स्वयं शादी समारोहों में डेकोरेशन का काम करते थे। उनके परिवार में माता-पिता और दो बहनें हैं। संग्रामगढ़ थाना प्रभारी मनोज कुमार तोमर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।