सेवाभाव, महिला सशक्तिकरण और जनसंपर्क के दम पर रुधौली में नई राजनीति की शुरुआत

रुधौली विधानसभा 309 में बदलाव की आहट, सेवाभाव के साथ चाँदनी चौधरी ने ठोकी दावेदारी

सेवाभाव, महिला सशक्तिकरण और जनसंपर्क के दम पर रुधौली में नई राजनीति की शुरुआत

रुधौली / बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज )  रुधौली विधानसभा क्षेत्र संख्या 309 में इन दिनों राजनीतिक हलचल तेज होती नजर आ रही है। क्षेत्र में सेवाभाव के माध्यम से अपनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से मनोज चौधरी का जनसंपर्क पिछले एक वर्ष से लगातार तेज हुआ है। सामाजिक, धार्मिक, पारिवारिक एवं सार्वजनिक आयोजनों में उनकी सक्रिय उपस्थिति ने उन्हें क्षेत्र के जन-जन से जोड़ने का काम किया है। शायद ही कोई ऐसा कार्यक्रम हो जहां मनोज चौधरी की मौजूदगी न दिखी हो।

इसी क्रम में नए वर्ष के शुभारंभ पर मनोज चौधरी ने अपनी पत्नी चाँदनी चौधरी को रुधौली विधानसभा 309 से भावी प्रत्याशी के रूप में सामने लाकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। इस घोषणा ने न केवल राजनीतिक समीकरणों को बदला है, बल्कि क्षेत्र की जनता के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।

चाँदनी चौधरी जिस सूझबूझ, आत्मविश्वास और सजगता के साथ अपने नए दायित्व को निभा रही हैं, उससे यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि रुधौली विधानसभा में परिवर्तन की आहट सुनाई देने लगी है। बीते मात्र पांच दिनों में ही उन्होंने करीब दो सौ से अधिक सामाजिक, धार्मिक और पारिवारिक समारोहों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर सभी को चौंका दिया है। उनका यह सक्रिय जनसंपर्क बताता है कि वे राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित नहीं रखना चाहतीं, बल्कि जनसेवा को अपना मूल उद्देश्य मान रही हैं।

जब उनसे यह सवाल किया गया कि विधानसभा क्षेत्र बड़ा है, राजनीतिक अनुभव कम है और इतने व्यापक क्षेत्र को कैसे संभालेंगी, तो उनका जवाब सभी को सोचने पर मजबूर कर देने वाला था। चाँदनी चौधरी ने बेहद सहज और आत्मविश्वास भरे अंदाज में कहा कि वह सेवा भाव से मैदान में उतरी हैं। उनके पिता राजनीति से जुड़े रहे हैं, जिससे उन्हें सामाजिक और राजनीतिक समझ बचपन से ही मिली है। साथ ही उनके पति मनोज चौधरी का उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है, जो हर कदम पर उनके साथ खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। महिलाएं चाँद तक पहुंच चुकी हैं, पुलिस, सेना, इंजीनियरिंग, चिकित्सा और प्रशासन जैसे क्षेत्रों में अपना परचम लहरा रही हैं। ऐसे में राजनीति कोई असंभव क्षेत्र नहीं है। उनका स्पष्ट मानना है कि यदि महिलाओं को आगे बढ़ने का अवसर और विश्वास मिले, तो वे समाज और राजनीति दोनों को नई दिशा दे सकती हैं।

चाँदनी चौधरी ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य महिलाओं की स्थिति को मजबूत करना है। यदि महिलाएं सशक्त होंगी, तो परिवार मजबूत होगा और परिवार मजबूत होगा तो समाज स्वतः ही सशक्त बन जाएगा। वह चाहती हैं कि रुधौली विधानसभा का हर मतदाता उन्हें केवल एक नेता के रूप में नहीं, बल्कि अपने परिवार के सदस्य के रूप में देखे।

उन्होंने यह भी कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि वे विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव, मोहल्ले और हर मतदाता तक पहुंचें और उनके सुख-दुख का हिस्सा बनें। उन्हें केवल भरोसा ही नहीं, बल्कि पूर्ण विश्वास है कि यदि वह ईमानदारी और सेवा भाव से जनता के बीच जाएंगी, तो जनता का आशीर्वाद निश्चित रूप से उन्हें मिलेगा।

कुल मिलाकर रुधौली विधानसभा 309 में चाँदनी चौधरी की सक्रियता और सेवाभाव ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले समय में यहां की राजनीति एक नए मोड़ पर खड़ी नजर आ सकती है। जनता अब परिवर्तन की उम्मीद के साथ नई नेतृत्व शैली को परखने के मूड में दिखाई दे रही है।