अयोध्या नववर्ष 2026 की पहली सुबह रामनगरी अयोध्या में आस्था और श्रद्धा के रंग में रंगी नजर आई। साल के पहले दिन रामनगरी के प्रमुख मंदिरों राम मंदिर व हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ देखी गयी। सुबह से ही सरयू तट से लेकर मंदिर परिसरों तक ’जय श्रीराम’ और ’बजरंगबली’ के जयकारे गूंजते रहे। हनुमानगढ़ी में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं राम मंदिर में श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम के चरणों में माथा टेककर नए साल की मंगलकामना की। देश-विदेश से पहुंचे भक्तों ने परिवार के साथ पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नववर्ष के जश्न में बाधा न आवे इसके लिए पुलिस चौकसी करती रही। सभी चौक, चौराहों, पार्क, होटल-रेस्टारेंट व शराब की दुकानों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। आने जाने वालों की चेकिंग की गई।दर्जनों लोगों को पुलिस ने बैठाए रखा। कई कपल्स को रोकर उनके संबंध में जानकारी ली गई, संदिग्ध लगने पर उनके परिवार के लोगों को फोन भी किया। एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि नववर्ष को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पार्क, उद्यान व ऐतिहासिक स्थलों पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मी व एंटी रोमियो स्कवॉयड की तैनाती की गई है। अपील की कि नववर्ष के जश्न में मर्यादा न खोए, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए तैनात रहें।
राम मंदिर ट्रस्ट और स्थानीय लोगों का कहना है कि योगी सरकार के प्रयासों से यह सिलसिला जारी रहेगा। नए साल की शुरुआत आस्था के समंदर में गोते लगाकर करना यही नई पीढ़ी का नया अंदाज बन चुका है। यह बदलाव बताता है कि नई पीढ़ी अब भक्ति और आधुनिकता को एक साथ जी रही है। अयोध्या अब न सिर्फ धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि युवाओं के लिए ट्रेंडिंग डेस्टिनेशन बन चुकी है। जहां पहले वीकेंड पर पहाड़ों की ठंडक याद की जाती थी, वहीं अब रामनगरी की आध्यात्मिक गर्माहट युवाओं को खींच रही है। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने बताया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं को दर्शन कराया जा रहा है।