*विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027: सिटी मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर ने किया बूथों का निरीक्षण, बीएलओ को दिए सख्त निर्देश*
*बहराइच, 21 नवंबर।* विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत 286-बहराइच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सिटी मजिस्ट्रेट बहराइच राजेश प्रसाद व उप जिलाधिकारी सदर / निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मोनालिसा जौहरी द्वारा विभिन्न मतदेय स्थलों / बूथों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बूथों पर तैनात बीएलओ की उपस्थिति की जांच की तथा मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त फॉर्म-6, 7 व 8 की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें। अर्हता तिथि 01.01.2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़वाया जाए। साथ ही मृतक, स्थानान्तरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 के माध्यम से सूची से हटाए जाएं तथा नाम, पता, फोटो आदि में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 से सुधार कराया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि फॉर्म-6, 7 व 8 का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बूथों पर मतदाताओं के लिए पेयजल, शौचालय, रैम्प, बिजली व बैठने की व्यवस्था सहित अन्य न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की भी जांच की और कमियों को शीघ्र दूर कराने के निर्देश दिए।
अंत में सिटी मजिस्ट्रेट व एसडीएम ने सभी बीएलओ व सुपरवाइजरों से अपील की कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को पूरी गंभीरता से लें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित न रह जाए और आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 निष्पक्ष व सुचारु रूप से संपन्न हो सके।






Views Today : 7199
Who's Online : 8