बस्ती में हवाई हमले से बचाव का होगा अभ्यास, रविवार शाम 6 बजे शुरू होगी मॉक ड्रिल
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। हवाई हमले जैसी आपात स्थिति में आम लोगों को सुरक्षित रखने और बचाव के तरीकों की जानकारी देने के लिए रविवार को बस्ती शहर में विशेष मॉक ड्रिल की जाएगी। 22 नवंबर को शाम छह बजे शास्त्री चौक, झंडा चौराहा से कंपनी बाग चौराहा और आसपास के इलाके में होने वाले इस अभ्यास में नागरिक सुरक्षा के साथ कई विभागों की टीमें हिस्सा लेंगी। मॉक ड्रिल को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिलाधिकारी एवं नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कृत्तिका ज्योत्स्ना के निर्देश पर हुई इस बैठक में उप जिलाधिकारी सदर प्रमोद कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियों के अनुसार तैयारी करने को कहा। चीफ वार्डन नागरिक सुरक्षा डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य लोगों को हवाई हमले के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों से परिचित कराना है। डिप्टी चीफ वार्डन डॉ. वीके वर्मा ने बताया की मॉक ड्रिल के दौरान यह दिखाया जाएगा कि ऐसी स्थिति में आम नागरिकों को किस तरह सुरक्षित रखा जाए और राहत-बचाव के काम कैसे किए जाएं।
अभ्यास में यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन, विद्युत विभाग, परिवहन विभाग और नगर पालिका परिषद के प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन के नेतृत्व में आपदा मित्रों की टीम भी शामिल होगी। इसके अलावा स्काउट गाइड से सत्यम पाण्डेय और नंदिनी तथा नागरिक सुरक्षा के सेक्टर वार्डन देवनारायण पाठक, गजालूर रहमान, अब्दुल हलीम, जम्बोत्रि चौधरी, पूजा पाण्डेय, प्रमोद श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, सोनल, अभिनव श्रीवास्तव, सन्नी गुप्ता, भीष्म प्रकाश और भीमसेन सहित अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।






Views Today : 7174
Who's Online : 6