10वीं के यशवीर त्रिपाठी 97.6% और 12वी की सृष्टि मौर्य 90.2% बने स्कूल टॉपर,
चेयरमैन डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी और प्रबंध निदेशिका श्रीमती सविता चतुर्वेदी ने दी शुभकामनाएं
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर ( दैनिक अनुराग लक्ष्य ) सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में सूर्या इंटरनेशनल एकेडमी, खलीलाबाद के छात्रों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। शानदार परिणामों के साथ एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने न सिर्फ अपने परिश्रम का फल प्राप्त किया, बल्कि विद्यालय परिवार और अभिभावकों को भी गर्व से भर दिया।
10वीं कक्षा में छात्र यशवीर त्रिपाठी ने 97.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर स्कूल टॉपर का खिताब अपने नाम किया, वहीं 12वीं कक्षा की छात्रा सृष्टि मौर्य ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर इंटरमीडिएट वर्ग में पहला स्थान हासिल किया। इसके अतिरिक्त, 12वीं की हिमांशी पांडे ने दूसरा स्थान और आदित्य पांडे ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट के छात्र आर्यन पांडे ने भी 89.8 प्रतिशत अंक लाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय परिसर में परीक्षा परिणाम घोषित होते ही छात्रों के चेहरों पर खुशी झलकने लगी। इस गौरवपूर्ण अवसर पर सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डा. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी तथा प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी टॉपर छात्रों को फूल माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
डा. चतुर्वेदी ने इस अवसर पर कहा कि छात्रों ने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह सफलता हासिल की है, जो अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने कहा कि सूर्या सीनियर सेकेंड्री स्कूल हमेशा छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने सभी छात्रों को बधाई दी और उनके गौरवशाली भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय में इस सफलता को लेकर हर्ष का माहौल बना रहा और अभिभावक भी अपने बच्चों की सफलता से गदगद दिखे।