सम्पूर्ण समाधान दिवस में 88 शिकायतें प्राप्त, तीन का मौके पर निस्तारण
डीएम ने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर जनशिकायतों का निस्तारण करने के दिए निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। तहसील बस्ती सदर में शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता नहीं बरतने वाले संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों से जुड़े मामलों का तत्परता और निष्पक्षता के साथ निस्तारण कराया जाए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके।
उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 20, पुलिस विभाग की 15, पूर्ति विभाग की 15, विकास विभाग की 10 तथा अन्य विभागों से संबंधित 28 शिकायतें शामिल रहीं।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला उद्यान अधिकारी अरुण त्रिपाठी, जिला कृषि अधिकारी बाबूराम मौर्य, अधिशासी अभियंता विद्युत प्रथम खंड शुभम पाण्डेय, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग अवधेश कुमार, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका अंगद गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक सदर अतीन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






Views Today : 7197
Who's Online : 8