मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण, बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को जिलाधिकारी श्रीमती कृतिका ज्योत्स्ना ने विधानसभा क्षेत्र 310-बस्ती सदर के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने किसान इंटर कॉलेज मरहा गोटवा स्थित बूथ संख्या 371 एवं 372 का निरीक्षण किया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय महरीपुर के बूथ संख्या 381, 382 एवं 383 तथा प्राथमिक विद्यालय कोठवा भरतपुर के बूथ संख्या 391 एवं 392 पर पहुंचकर विशेष अभियान के तहत संचालित कार्यों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम शामिल करने, नाम एवं विवरण में संशोधन तथा फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने और मतदाता विवरण में संशोधन की प्रक्रिया पूरी तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें सभी संबंधित अधिकारी एवं बीएलओ पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बूथ स्तर पर मतदाताओं को पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करने, आवेदन भरने में आवश्यक सहयोग देने तथा विशेष अभियान को प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।






Views Today : 7236
Who's Online : 20