त्योहारों को लेकर जारी हुए विशेष निर्देश

 

आगामी रविदास जयंती और शबे-बारात के मद्देनजर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के पश्चिमी जोन में कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आगामी पर्वों के दौरान शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर व्यापक चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।बैठक में अपर पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) और सहायक पुलिस आयुक्त (चौक) के साथ-साथ विभिन्न थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों की उपस्थिति रही। इस दौरान चौक, ठाकुरगंज, वजीरगंज, सहादतगंज, तालकटोरा और बाजारखाला समेत सभी संबंधित थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर सतर्कता बरतने, गश्त बढ़ाने, धार्मिक आयोजनों के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने के निर्देश दिए गए।पुलिस उपायुक्त (पश्चिमी) ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान सामुदायिक संवाद बढ़ाया जाए और स्थानीय नागरिकों, धार्मिक संगठनों एवं गणमान्य व्यक्तियों से समन्वय स्थापित कर किसी भी संभावित विवाद को पहले ही सुलझाने की कोशिश की जाए। इसके अलावा, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।बैठक में यह भी तय किया गया कि त्योहारों के दौरान शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी, रात्रिकालीन गश्त और सोशल मीडिया पर अफवाहों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही, सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई है।लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट द्वारा उठाए गए इन कदमों से उम्मीद की जा रही है कि रविदास जयंती और शबे-बारात के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहेगी और नागरिक बिना किसी परेशानी के अपने धार्मिक आयोजन संपन्न कर सकेंगे।