बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी ससुराल वालों पर एक विवाहिता ने दहेज की मांग को लेकर मारने पीटने, प्रताड़ित करने, ससुर द्वारा छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। अपने मायके वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में रह रही विवाहिता ने वाल्टरगंज थाने पर दी गई तहरीर में बताया है कि उसका विवाह अप्रैल 2024 में बहादुरपुर निवासी राजेन्द्र उर्फ दीपक कुमार के साथ हुआ। ससुराल वालों द्वारा उसके पिता से दो लाख रूपए दहेज की मांग किया गया था, जिसे देने से उसके पिता ने मना कर दिया। इस बात से नाराज होकर ससुराल वाले उसे मारते पीटते, गाली देते थे। 10 नवम्बर को उसके ससुर और पति उसकी सास को घर पर छोड़कर उसे लेकर दिदल्ली चले गए। दिल्ली में वह अकेली घर पर रहती थी। मौका पाकर उसके ससुर राम जियावन अक्सर उसके साथ छेड़खानी करते थे। इस बात की जानकारी जब उसने अपने पति को दी तो उसकी बात सुनने की जगह पति ने मारा पीटा, प्रताड़ित किया। 10 दिसम्बर को पति और ससुर ने उसे मारा पीटा, दहेज में दो लाख रूपए की मांग पूरी न होने पर बात मानने का दबाव बनाया। धमकी दिया िकइस बारे में यदि मायके वालों को बताया तो जान गवानी पड़ेगी। किसी तरह जान बचाकर वह दिल्ली से अपने मायके पहुंची। मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति, ससुर, सास के खिलाफ बीएनएस, डीपी एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।