नवनियुक्त 29 आशा कार्यकर्ताओं के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण समाप्त

अलीगंज स्थित एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में नवनियुक्त 29 आशा कार्यकर्ताओं के द्वितीय बैच का आठ दिवसीय अभिर्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को समाप्त हुआ। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने प्रशिक्षण शिविर पहुंचकर नवनियुक्त आशा कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उन्हें संबोधित किया।डॉ. एनबी सिंह ने आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें दी गई जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्वास्थ्य सभी के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विभाग की योजनाओं और कार्यक्रमों को समुदाय तक पहुंचाने का आह्वान किया और बताया कि वे समुदाय और स्वास्थ्य विभाग के बीच सेतु का कार्य करती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने उत्तरदायित्वों को इमानदारी से निभाने, मुश्किलों से न घबराने और विभाग से सहयोग प्राप्त करने की बात कही।जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने जानकारी दी कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में काकोरी, मलिहाबाद, मोहनलालगंज, इटौंजा, चिनहट और गोसाईगंज क्षेत्र से कुल 29 नयी आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पिछले हफ्ते भी 29 नवनियुक्त आशा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया था, जिससे कुल 58 नयी आशा कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। वर्तमान में जिले में कुल 2269 आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं, जिनमें से 1518 ग्रामीण और 751 शहरी क्षेत्रों में हैं।कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त आशा कार्यकर्ताओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस मौके पर जिला समुदाय प्रक्रिया प्रबंधक विष्णु प्रताप, प्रशिक्षक एवं स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी शशि भूषण भारती, हेमा मौर्या, बीसीपीएम मलिहाबाद मिथलेश सिंह तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।