विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर बस्ती में सात ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित
मतदाताओं को ईवीएम और वीवीपैट की दी जाएगी व्यावहारिक जानकारी, पहली बार वोट डालने वाले युवाओं पर विशेष जोर
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशन में कलेक्ट्रेट मुख्यालय सहित विभिन्न तहसील परिसरों में कुल सात ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर (ईडीसी) स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय स्तर पर कलेक्ट्रेट परिसर में एक डेमोंस्ट्रेशन सेंटर स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त तहसील एवं रिटर्निंग ऑफिसर स्तर पर छह अन्य केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।
तहसील परिसर हर्रैया में विधानसभा क्षेत्र 307-हर्रैया एवं 308-कप्तानगंज के मतदाताओं के लिए डेमोंस्ट्रेशन सेंटर बनाया गया है। विधानसभा क्षेत्र 309-रुधौली के मतदाताओं के लिए तहसील परिसर भानपुर एवं रुधौली में अलग-अलग केंद्र स्थापित किए गए हैं। वहीं, तहसील परिसर बस्ती सदर में विधानसभा क्षेत्र 310-बस्ती सदर एवं 311-महादेवा (अनुसूचित जाति) के मतदाताओं को ईवीएम संचालन की जानकारी देने की व्यवस्था की गई है।
इन केंद्रों पर मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट का व्यावहारिक प्रदर्शन कराया जाएगा। नागरिक डमी मतदान के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया समझ सकेंगे। साथ ही वीवीपैट मशीन में दिखाई देने वाली पर्ची के बारे में भी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस अभियान का विशेष उद्देश्य युवा मतदाताओं और पहली बार मतदान करने जा रहे नागरिकों को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना, उनकी शंकाओं का समाधान करना तथा मतदान प्रणाली के प्रति विश्वास को मजबूत करना है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह जागरूकता अभियान निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने तक संचालित किया जाएगा।





Views Today : 29743
Who's Online : 24