लखनऊ: शनिवार को बाल विकास सेवा व पुष्टाहार विभाग में 24 मृतक आश्रितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, बेबी रानी मौर्या ने इन नियुक्ति पत्रों को प्रदान किया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के तहत यह नियुक्तियां की गईं। विभागीय नियमानुसार, 23 आश्रितों को कनिष्ठ सहायक और 01 को चतुर्थ श्रेणी के पद पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में तैनात किया गया। कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्या ने सभी अभ्यर्थियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उनसे प्रतिबद्धता, ईमानदारी, और लगन से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने जनहित पर विशेष ध्यान देने की बात भी की।नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सभी अभ्यर्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।इस कार्यक्रम में निदेशक संदीप कौर, अपर निदेशक (वित्त) अमर सिंह, उपनिदेशक डॉ. अनुपमा शांडिल्य सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।