सडक़ पर उतरा प्लेन, हो गए दो टुकड़े

टेक्सास दिसंबर। अमेरिका के टेक्सास में एक प्लेन रनवे की जगह सडक़ पर उतर गया। सडक़ पर लैंड करते ही विमान के दो टुकड़े हो गए। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं। सडक़ पर लैंडिंग के वक्त विमान ने कई कारों को टक्कर भी मारी। इस हादसे के बाद सडक़ पर विमान का मलबा बिखरा हुआ नजर आया। घटना  दक्षिण टेक्सास के विक्टोरिया शहर में स्टेट हाईवे पर हुई है।
विक्टोरिया पुलिस विभाग की उप पुलिस प्रमुख एलाइन मोया ने कहा, हमें खुशी है कि स्थिति इससे ज्यादा खराब नहीं हुई। यह ऐसी चीज नहीं है जो हम हर दिन देखते हैं। हमें खुशी है कि लोग ठीक हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से तीन की हालत स्थिर है एक शख्स को गंभीर चोट आई है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह एक ट्विन-इंजन पाइपर पीए-31 विमान था। हादसे के समय केवल पायलट ही विमान में था। विक्टोरिया पुलिस विभाग और संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।