गवाही अपने पक्ष में करवाने के लिए की थी फायरिंग, दो नामजद समेत चार पर मुकदमा

 

बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के कैथवलिया में हुए फायरिंग के मामले में दो नामजद, दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। कैथवलिया निवासी पंकज यादव ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वर्ष 2022 के एक मामले में गवाही अपने पक्ष में करवाने के लिए नगर थाना क्षेत्र के पिपरौला निवासी संजय दूबे, उसके भाई अंशु दूबे उर्फ अनुराग दूबे व दो अन्य अज्ञात ने मिलकर दबाव बनाया। 19 नवम्बर की रात करीब साढ़े 9 बजे गांव में पहुंचकर उसे गाली देते हुए जान से मारने की नीयत से उस पर असलहे से फायर किया, लेकिन गोली उसके कंधे के बगल से निकल गई। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।
बता दें कि कैथवलिया गांव में रात में गोली चलने की आवाज से लोग सहम गए थे, अनहोनी की आशंका में जिस जगह गोली चली थी वहां लोग पहुंचे और गोली चलने की सूचना डायल 112 को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से एक खोखा कारतूस बरामद किया, लेकिन इस बात का पता नहीं चल पाया कि गोली किसने और किस पर चलाई। पुलिस इसकी जांच पड़ताल कर रही थी। अब जाकर मामले में तहरीर मिलने के बाद गोली चलने के मामले का खुलासा हुआ।