ड्रमंडगंज, मीरजापुर। ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के मीरजापुर रीवा राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ड्रमंडगंज घाटी में मंगलवार दोपहर में तेज बारिश के बाद पहाड़ से हो रहे पानी के रिसाव के कारण भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा और पत्थरों के बड़े टुकड़े गिर पड़े। राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन होने की सूचना मिलने पर राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण के योगेन्द्र शर्मा के नेतृत्व टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन से मलबा हटाने में जुट गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर फैले पत्थरों के बड़े टुकड़े और मलबे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन घंटे तक मध्यप्रदेश की ओर जाने वाले मार्ग पर आवागमन बाधित रहा।जाम न लगने पाए इसके लिए वाहनों को एक तरफ से आने जाने दिया जा रहा था।ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ घुमान से बरम बाबा मोड़ के बीच में करीब सौ मीटर पहाड़ का भूस्खलन होने से बोल्डर और मिट्टी का मलबा गिर पड़ा और राष्ट्रीय राजमार्ग पर फैल गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा फैलने से वाहनों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब छह बजे पत्थरों तथा मलबे को साफ करने के बाद वन-वे बना राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों लेन से वाहनों का आवागमन शुरू हो सका।बरसात के मौसम में ड्रमंडगंज घाटी में पहाड़ से भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।