बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के बानपुर निवासी राम चरन साइबर ठगी का शिकार हो गए। स्टाक मार्केट में धन लगाकर अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर जालसाज ने करीब 12 लाख रूपए जमा करवा लिये। धोखाधड़ी की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने लालगंज पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर मोबाइल नम्बर के धारक के खिलाफ अज्ञात नाम से धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पीड़ित ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उसके वाट्सएप् नम्बर पर एक मोबाइल से मैसेज आया। जिसके ग्रुप एडमिन ने स्टाक मार्केट के नाम पर उसे झांसे में लिया। उस पर विश्वास होने के बाद उसने उसके कहने पर स्टाक मार्केट के नाम पर 11 लाख 94 हजार रूपए जमा कर दिये। 7 जून से 12 जून के बीच उसने जालसाज के कहने पर रूपए जमा किए। इसके बाद जालसाज ने कोई जवाब नहीं दिया। अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के आधार पर मोबाइल नम्बर के धारक के खिलाफ पुलिस ने अज्ञात नाम से मुकदमा दर्ज किया है।