सेपक टकरा प्रतियोगिता में बहराइच पुलिस की महिला खिलाड़ियों ने लहराया परचम, एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते

सेपक टकरा प्रतियोगिता में बहराइच पुलिस की महिला खिलाड़ियों ने लहराया परचम, एक स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीते

 

एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने महिला मुख्य आरक्षियों को ट्रॉफी और मेडल देकर किया सम्मानित

 

बहराइच, 03 नवंबर। जनपद बहराइच पुलिस की महिला खिलाड़ियों ने सेपक टकरा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में एक स्वर्ण पदक और 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में तीन कांस्य पदक जीतकर महिला पुलिसकर्मियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

 

मंगलवार को पुलिस कार्यालय बहराइच में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला मुख्य आरक्षी शशि प्रभा एवं प्रीती गुप्ता को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

 

जनपद कुशीनगर में आयोजित 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 के सेपक टकरा टीम इवेंट में महिला मुख्य आरक्षी शशि प्रभा और प्रीती गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, जनपद नोएडा में आयोजित 74वीं उत्तर प्रदेश पुलिस वॉलीबाल क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 के सेपक टकरा टीम इवेंट के रेगू एवं क्वाड मुकाबलों में महिला मुख्य आरक्षी शशि प्रभा ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।

 

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने दोनों महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताओं में इस तरह की उपलब्धियां पुलिस विभाग के लिए गौरव की बात हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद और पुलिस विभाग का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।