प्रयोगों से नवाचार को नई दिशा दें विद्यार्थी : राम मनोहर जी

प्रयोगों से नवाचार को नई दिशा दें विद्यार्थी : राम मनोहर जी

 

*विज्ञान एवं नवाचार के प्रोजेक्ट देखकर क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह*

 

*क्रियात्मक अध्ययन से विकसित होती है वैज्ञानिक सोच : संभाग निरीक्षक अजय कुमार दूबे*

 

*रामबाग-बस्ती में प्रांतीय वैदिक गणित, ज्ञान-विज्ञान मेला एवं संस्कृति महोत्सव-2026 का आयोजन*

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रान्त के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय प्रांतीय वैदिक गणित, ज्ञान-विज्ञान मेला एवं संस्कृति महोत्सव-2026 में विद्यार्थियों ने विज्ञान एवं नवाचार से जुड़े विविध प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। 27 अक्टूबर को विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री श्री राम मनोहर जी ने विद्यार्थियों के प्रोजेक्टों का अवलोकन किया।

 

उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकाधिक प्रयोग करने, नए विचारों पर कार्य करने तथा अपने मॉडलों को बेहतर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक श्री राम सिंह जी, गोरखपुर संभाग के संभाग निरीक्षक श्री अजय कुमार दूबे जी तथा बलिया संभाग के संभाग निरीक्षक श्री कन्हैया चौबे जी ने भी विद्यार्थियों के प्रोजेक्टों का अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने अपने मॉडल और नवाचार संबंधी विचार प्रस्तुत किए। अतिथियों ने उन्हें जिज्ञासा, रचनात्मकता एवं प्रयोगशीलता के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

 

संभाग निरीक्षक श्री अजय कुमार दूबे जी ने कहा कि अनुशासन सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। ज्ञान-विज्ञान मेला विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्रयोगशीलता और नवाचार की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।

 

क्रियात्मक अध्ययन से विद्यार्थी विषयों को बेहतर ढंग से समझते हैं तथा अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता को निखारते हैं।महोत्सव का शुभारंभ 26 अक्टूबर की संध्या को हुआ। इसमें पाँच संकुलों के 479 भैया-बहन तथा सात आचार्य बंधु-भगिनी प्रतिभाग कर रहे हैं। मेले के अंतर्गत वैदिक गणित, विज्ञान, संस्कृति ज्ञान, प्रश्नमंच, गणित प्रदर्श, नवाचारित प्रोजेक्ट एवं आशुभाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं।

 

समाचार लिखे जाने तक तरुण वर्ग के संस्कृति ज्ञान प्रश्नमंच में बस्ती संकुल के हिमांशु पटेल, नवाचारित प्रोजेक्ट में देवरिया संकुल के कृष्णा चौरसिया तथा आशुभाषण में अंशिका सिंह प्रथम रहे। गणित प्रदर्श में बस्ती संकुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग के विज्ञान प्रश्नमंच में देवरिया के कृष्णा गुप्ता तथा गणित पत्रवाचन में गोरखपुर की नंदनी पाण्डेय प्रथम रहीं। बाल वर्ग के विज्ञान प्रश्नमंच में बस्ती के कुशाग्र पाठक प्रथम रहे। शिशु वर्ग के संस्कृति ज्ञान प्रश्नमंच में बलिया संकुल तथा विज्ञान प्रदर्श में गोरखपुर संकुल प्रथम रहा। शेष प्रतियोगिताओं के परिणाम 28 अक्टूबर को आने की संभावना है।

 

कार्यक्रम की प्रस्ताविकी प्रांतीय विज्ञान प्रमुख श्री उमेश जी ने प्रस्तुत की। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह जी ने अतिथियों का परिचय कराते हुए अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन श्री अंशुमान त्रिपाठी जी ने किया तथा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सिंह जी ने आभार व्यक्त किया।

 

इस अवसर पर श्री भानु प्रताप त्रिपाठी, श्री हरिकिशुन गिरी, श्री बसंत मिश्र, डॉ. राजेश मिश्र, श्री आशीष सिंह, डॉ. राजन श्रीवास्तव, श्री हरिश्चन्द्र वर्मा, श्री रविकुल रतन पाण्डेय, श्री सुधांशु सिंह, श्री वायुनन्दन मिश्र, श्री अंकित कुमार गुप्ता, श्री अशीन्द्र प्रकाश मिश्र एवं श्री शिवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। महोत्सव का समापन 28 अक्टूबर को होगा।