मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान का डीएम ने किया निरीक्षण, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के दिए निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को आयोजित विशेष कैंपों का जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हर्रैया और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विधानसभा क्षेत्र हर्रैया के बूथ संख्या 406 व 407, संविलियन प्राथमिक विद्यालय थान्हा खास के कक्ष संख्या एक व दो तथा बूथ संख्या 390, प्राथमिक विद्यालय हर्रैया प्रथम के कक्ष संख्या एक का निरीक्षण किया। इसके अलावा कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 297 व 298, कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय के कक्ष संख्या एक व दो में संचालित विशेष कैंपों की व्यवस्थाएं भी देखीं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की उपस्थिति, आवेदन प्रक्रिया और पात्र मतदाताओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने में परेशानी नहीं होनी चाहिए। बीएलओ निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दें और प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन करें। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हैं, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन करें, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।