मूर्ति विसर्जन व दीपोत्सव को लेकर पुलिस, नगर निगम एवं व्यापार मंडल की समन्वय बैठक आयोजित

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। आगामी पर्वों, मूर्ति विसर्जन और भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से अयोध्या धाम में पुलिस प्रशासन, नगर निगम प्रशासन और व्यापार मंडल के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में अयोध्या कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) पंकज सिंह, नया घाट चौकी इंचार्ज प्रवीण मिश्रा तथा व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज गुप्ता विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई और व्यापारियों व श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
पुलिस व प्रशासन ने दिए निर्देश
कोतवाल पंकज सिंह ने व्यापारियों से संवाद करते हुए कहा कि मूर्ति विसर्जन शोभायात्रा एवं दीपोत्सव के दौरान अयोध्या धाम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के आसपास किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। साथ ही, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
नया घाट चौकी इंचार्ज प्रवीण मिश्रा ने विसर्जन मार्ग और दीपोत्सव क्षेत्र में बनाए गए सुरक्षा घेरे व नियमों की जानकारी दी और व्यापारियों से दुकान के बाहर अतिक्रमण न करने का अनुरोध किया। व्यापार मंडल ने दिया पूर्ण सहयोग का आश्वासन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल/व्यापार संघ के अध्यक्ष पंकज गुप्ता ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि अयोध्या धाम का समस्त व्यापारी समाज दीपोत्सव और मूर्ति विसर्जन को ऐतिहासिक व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करेगा। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से विसर्जन मार्ग एवं दीपोत्सव स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और साफ-सफाई के समुचित प्रबंध सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया। इस समन्वय बैठक में व्यापार मंडल के प्रमुख पदाधिकारीगण एवं काफी संख्या में स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे और सभी ने मिलकर आयोजनों को भव्य बनाने का संकल्प लिया।