कबड्डी प्रतियोगिता में दुधौरा की टीम बनी विजेता

कबड्डी प्रतियोगिता में दुधौरा की टीम बनी विजेता

 

खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर बढाया हौसला

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। जिगिना चौराहा स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी इण्टर कॉलेज परिसर में नवयुवक मित्र मंडल कमेटी द्वारा एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कमेटी के अध्यक्ष राजबिंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की 18 टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद संत कबीर नगर जिले की दुधौरा टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि बस्ती जिले की नगहरा टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता के समापन पर राजबिन्द कुमार ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन बस्ती सदर विधायक महेन्द्र नाथ यादव और समाजसेवी राकेश चतुर्वेदी की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि सुनील पाण्डेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक महेन्द्र नाथ यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने राजबिंद कुमार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है।

नवयुवक मित्र मंडल कमेटी के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के नेतृत्वकर्ता राजबिंद कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे। उनका प्रयास है कि जिगिना में प्रत्येक वर्ष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हो, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल सौरभ चौधरी, वरिष्ठ समाजसेवी मूलचंद आजाद, डॉ. रवि चौधरी, पीयूष शुक्ला, डॉ. प्रमोद कुमार और जयप्रकाश ने भी आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

जिगिना में आयोजित इस कबड्डी प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्र के युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश ने किया।

इस दौरान अवधेश, राहुल कुमार, मोहन गौतम, अरविंद, राम पलट जाटव, विनोद कुमार, रिंकू, पिंटू, राघवेंद्र कुमार, सोहन कुमार, वशिष्ठमणि दूबे, कवि चौधरी, फूलचंद, राम प्रकाश, अवधेश कुमार, शुभम, अजीत, करन, नितेश, अतुल, सुरेश चंद, अशोक सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।