17 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होंगे मतदाता पंजीकरण के विशेष कैम्प

*17 अक्टूबर को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर आयोजित होंगे मतदाता पंजीकरण के विशेष कैम्प*

 

*प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे बीएलओ, पात्र नागरिकों के पंजीकरण हेतु उपलब्ध रहेंगे फार्म-6*

 

*जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने व्यापक प्रचार-प्रसार एवं शत-प्रतिशत बूथों पर कैम्प आयोजित कराने के दिए निर्देश*

 

अम्बेडकरनगर ।भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उ0प्र0 के निर्देशानुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में पंजीकरण से छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत 17 अक्टूबर (शनिवार) 2026 को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण कैम्प आयोजित किए जाएंगे।

 

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद के प्रत्येक मतदेय स्थल पर निर्धारित तिथियों को कैम्प का आयोजन सुनिश्चित कराया जाए। कैम्प के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा पात्र नागरिकों के मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म-6 उपलब्ध कराए जाएंगे।

 

विशेष कैम्प में मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के इच्छुक पात्र नागरिकों को फार्म-6 के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि एवं पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया है कि विशेष कैम्पों का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस अभियान का लाभ उठा सकें।

 

 

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने हेतु मतदाता अपनी अद्यतन फोटो, जन्म तिथि एवं निवास से सम्बन्धित अभिलेखों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियों तथा यदि परिवार के किसी सदस्य का मतदाता फोटो पहचान पत्र संख्या उपलब्ध है, तो उसे लेकर अपने मतदेय स्थल पर विशेष अभियान दिनांक 17.10.2026 (शनिवार) विशेष कैम्प दिवस पर बी०एल०ओ० से सम्पर्क स्थापित कर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करा सकते हैं।

 

उन्होंने कहा कि अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए संबंधित अधिकारी निर्धारित मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। प्राप्त होने वाले फार्मों का सुव्यवस्थित अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए तथा सभी संबंधित अधिकारियों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखा जाए। अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए।

 

जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 अक्टूबर, 2026 को अपने मतदेय स्थल पर आयोजित विशेष कैम्प में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम जांचें। यदि उनका नाम मतदाता सूची में सम्मिलित नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं। लोकतंत्र में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। इसी के साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त राजनीतिक दलों से सभी बूथों पर अपने बीएलए को सक्रिय करते हुए बीएलओ का अभियान में सहयोग करने की अपील की है।