कंपनी बाग चौराहे पर मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा की पट्टी का हुआ अनावरण
सप्तमी तिथि पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हुआ पूजन-अर्चन, आरती में शामिल हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर जनपद के कंपनी बाग चौराहे पर मल्होत्रा मेडिकल के सामने स्थापित मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा की पट्टी का अनावरण सप्तमी तिथि को विधि-विधान के साथ किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण मां दुर्गा के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा। पट्टी का अनावरण होते ही श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
उल्लेखनीय है कि कंपनी बाग चौराहे पर विगत कई वर्षों से मां दुर्गा की विशाल प्रतिमा स्थापित की जाती रही है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी नवरात्र के अवसर पर भव्य आयोजन किया गया। सप्तमी तिथि पर गायत्री मंदिर के पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद मां दुर्गा की आरती की गई, जिसमें उपस्थित श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मां दुर्गा के प्रति आस्था और भक्ति से सराबोर माहौल में लोगों ने पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-शांति की प्रार्थना की। कंपनी बाग चौराहे पर प्रतिवर्ष होने वाला यह आयोजन नवरात्र के दौरान क्षेत्र की धार्मिक परंपरा और सामूहिक आस्था का प्रतीक बना हुआ है।
इस अवसर पर पवन मल्होत्रा, ओम प्रकाश अरोरा, विनोद सचदेवा, हिमांशु सेन, शिवम खत्री, हरि सिंह, साहब सचदेवा, मुकेश मल्होत्रा, जयप्रकाश अरोरा, विनय गौड़, सिद्धार्थ, विमल अरोरा, परवेश, लक्ष्मी अरोरा, पदमन मल्होत्रा, शाम्भवी खत्री, दीपिका और शुभम गौड़ गांधी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।