
बस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय गणित ओलंपियाड प्रतियोगिता में गौर ब्लॉक के प्रियांशु ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कप्तानगंज ब्लॉक के आर्यन ने द्वितीय और सल्टौवा ब्लॉक की रोशनी यादव ने तृतीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न ब्लॉकों से चयनित कुल 150 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अपनी गणितीय प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चे मेहनत करें और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करें। अभी जीवन में बहुत सी परीक्षाएं देनी हैं और आगे बढ़ने के अनेक अवसर मिलेंगे। किसी एक परीक्षा में सफलता या असफलता ही जीवन का पैमाना नहीं होती। इसलिए बच्चों को किसी परिणाम से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। निरंतर अभ्यास, लगन और आत्मविश्वास से ही सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के नोडल प्रवक्ता अलीउद्दीन खान ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में चयनित विद्यार्थियों को जिला स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर दिया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में गणितीय समझ, तार्किक चिंतन और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने के साथ गणित विषय के प्रति रुचि बढ़ाना है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 विद्यार्थियों को स्टेशनरी, बैग आदि देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में एआरपी अखिलेश मिश्र, बब्बन पाण्डेय, रवीश कुमार मिश्र, संतोष तिवारी, अंकित सिंह, बालमुकुंद, राहुल उपाध्याय, मनीष श्रीवास्तव, मनीष कुमार और जितेंद्र कुमार सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया।