मां के साथ ननिहाल गया युवक लापता

-परिजनों ने पुलिस से लगाई तलाश की गुहार
मिल्कीपुर-अयोध्या। इनायतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम बसवार खुर्द पूरे डिप्टीगंज निवासी 24 वर्षीय प्रदीप कुमार के लापता होने का मामला सामने आया है। वह अपनी मां के साथ ननिहाल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन वहां पहुंचने के बाद अचानक लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने इनायतनगर और हलियापुर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर गुमशुदगी दर्ज कर युवक की तलाश कराने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदम्बा प्रसाद महरा का पुत्र प्रदीप कुमार 18 सितंबर 2026 को अपनी मां शकुंतला के साथ ननिहाल ग्राम रामपुर, थाना हलियापुर जाने के लिए घर से निकला था। प्रदीप की मां के मुताबिक हलियापुर पहुंचने के बाद वह अचानक कहीं चला गया और फिर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने बताया कि प्रदीप की उम्र 24 वर्ष है। परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से कमजोर भी है, जिसके चलते उसकी सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित है। घटना के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। परिजनों के मुताबिक, लापता होते समय प्रदीप ने नीले रंग की लोअर-टीशर्ट और लाल रंग की चप्पल पहन रखी थी। परिजनों ने इनायतनगर और हलियापुर पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर युवक की तलाश कराने और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।