नाका प्रभावितों को मिला मुआवजा, पांच व्यापारियों को मिलेंगी दुकानें

-विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की पहल के बाद मुआवजे को लेकर प्रशासन से बनी सहमति
-11 भवन स्वामियों को मिलेगा 2.26 करोड़ रुपये का मुआवजा, पाने वालों में किराएदार भी
अयोध्या। नाका क्षेत्र में 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण की कार्रवाई से प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने की दिशा में प्रशासनिक सहमति बन गई है। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावितों को दिए जाने वाले मुआवजे और पुनर्वास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 भवन स्वामियों को कुल दो करोड़ 26 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। इसमें भवन स्वामियों के साथ प्रभावित किराएदारों को भी शामिल किया गया है। कार्रवाई से प्रभावित पांच व्यापारियों को नगर निगम अथवा अयोध्या विकास प्राधिकरण की ओर से निर्मित दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे प्रभावित व्यापारियों को दोबारा अपना कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा। प्रभावितों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा।  14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर नाका क्षेत्र में हुई कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों की ओर से मुआवजे और पुनर्वास की मांग उठाई गई थी। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने प्रभावितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं और इसके बाद जिलाधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान की दिशा में पहल की। अब मुआवजे पर सहमति बनने के बाद प्रभावितों को बड़ी राहत मिली है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर प्रशासन के अधिकारियों के साथ लगातार वार्ता की गई। कार्रवाई से प्रभावित लोगो को उनकी अपेक्षा के अनुरुप राहत दिलाने का प्रयास किया गया। प्रभावित परिवारों की समस्या का समाधान कराया गया। उन्होंने कहा कि जिन भवन स्वामियों और किराएदारों को नुकसान हुआ है, उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मुआवजा दिया जा रहा है। पांच व्यापारियों को नगर निगम अथवा विकास प्राधिकरण द्वारा निर्मित दुकानें उपलब्ध कराने की सहमति बनी है। प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर सरकारी योजनाओं का लाभ व आवास की सुविधा भी दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत मिले और वे अपने जीवन-यापन को फिर से व्यवस्थित कर सकें, इसकी दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कदम बढ़ाया गया है। मौके पर एडीएम सिटी, हेमंत जायसवाल, प्रांशु अग्रवाल, प्रकाश गुप्ता, महेश श्रीवास्तव, मीडिया प्रभारी अमित मिश्रा तथा प्रभावितों में मुरारी सिंह यादव, घनश्याम यादव, मोहित यादव, पूनम गुप्ता, राजेन्द्र यादव, हरिराम यादव, आशा देवी, गिरीराज पाल, अमित सिंह, मौजूद रहे

-जिन पांच दुकानदारों को दुकानें मिलेंगी उनमें दीपचंद, शक्ति गुप्ता, आशादेवी, मुरारी यादव व रवीन्द्र शामिल है। मकान मालिकों में मुरारी सिंह यादव  को 63,89,585.41, घनश्याम यादव को 68,29,857.40, रवीन्द्र कुमार को 8,07,389.80, आशा देवी को 8,07,389.80  अमित सिंह को 9,93,285.53 मुआवजा मिला है। दीप चंद्र गुप्ता तथा शक्ति गुप्ता को 16,99,767.99, प्रीति को 5,22,121.26, श्याम सुंदर यादव को 19,87,334.90 का मुआवजा मिला है। दुकानदारों में घनश्याम व मुरारी को 2,32,339.60, रवीन्द्र कुमार को 1,04,403.85, दीप चंद्र गुप्ता तथा शक्ति गुप्ता को 2,19,797.58, अमर यादव को 2,01,699.94, आनंद यादव को 2,01,699.94 तथा नीलांबर को 1,78,254.47 रुपये का मुआवजा मिला है। किराएदारों में मोहित यादव को 1,81,194.07, पूनम गुप्ता को 1,99,242.79, राजेन्द्र यादव को 2,32,339.60, हरि राम यादव को 2,05,332.60, रोहित यादव को 1,36,888.40, अमर जीत को 1,04,403.85 तथा गिरि राज पाल को 1,42,713.44 रुपये का मुआवजा मिला है।