इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी ने पेश की इंसानियत की मिसाल
सैंता गांव में इंडिया हॉस्पिटल ने लगाया मेगा मेडिकल कैंप,सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया मुफ्त इलाज का लाभ
लखनऊ/उन्नाव।इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित इंडिया हॉस्पिटल, आलमनगर (लखनऊ) के तत्वावधान में रविवार को तहसील शफीपुर के गांव सैंता में विशाल मेगा मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में सैकड़ों ग्रामीणों ने पहुंचकर मुफ्त स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और निशुल्क दवाओं का लाभ उठाया।
कैंप में स्त्री रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ और जनरल फिजिशियन द्वारा मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके साथ ही सभी मरीजों की शुगर जांच, ब्लड प्रेशर की जांच, आंखों की जांच, मोतियाबिंद की पहचान, रोशनी की कमी सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच भी पूरी तरह निःशुल्क की गई।
ग्रामीणों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं विशेषज्ञ डॉक्टरों को बताईं और आवश्यक परामर्श के साथ मुफ्त दवाएं प्राप्त कीं। इस पहल ने गांव में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ग्रामीणों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
कैंप को सफल बनाने में गांव के सम्मानित जनाब बरकत अली साहब, जनाब सदाक़त अली उर्फ बदलू भाई, जनाब अर्जुन लाल दिवाकर (ब्लॉक प्रमुख, बांगर मऊ), मेराज भाई और फहीमुद्दीन भाई का विशेष योगदान रहा। इन सभी ने गांव में मुनादी कराकर लोगों को कैंप की जानकारी दी तथा मेडिकल टीम के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कराईं, जिससे अधिक से अधिक ग्रामीण इस सेवा का लाभ उठा सके।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम रही मौजूद
इंडिया हॉस्पिटल, आलमनगर (लखनऊ) से आई मेडिकल टीम में डॉ. एस. खान, डॉ. उजमा, डॉ. मोअज्जम, सोमी, आकांक्षा, सऊद और वसीफ शामिल रहे। वहीं प्रबंधन टीम में जसबीर गांधी जी और नौशाद अली ने व्यवस्थाओं का सफल संचालन किया।
कुदरत उल्ला खान की सेवा भावना बनी प्रेरणा
इस अवसर पर इंसानियत वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष जनाब कुदरत उल्ला खान की जनसेवा के प्रति समर्पित एवं बेहतरीन कार्यशैली की सराहना की गई। उनके नेतृत्व में सोसाइटी लगातार दूर-दराज़ के क्षेत्रों में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। ग्रामीणों ने इस मानवीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।