11 दिन की तीर्थ यात्रा, रतलाम से अयोध्या पहुंचे 50 यात्री

 

अयोध्या। धार्मिक यात्राओं को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रतलाम से संचालित ‘श्री कृष्ण तीर्थ यात्रा प्रवास संघ’ का दल इन दिनों अयोध्या पहुंचा। यात्रा संचालक योगेश जाट के नेतृत्व में करीब 50 यात्री 11 दिवसीय तीर्थ यात्रा पर निकले हैं। यह यात्रा 7 तारीख को रतलाम से शुरू हुई है और 17 तारीख तक चलेगी।

यात्रा संचालक ने बताया कि महज 10 हजार रुपये के पैकेज में यात्रियों के लिए भोजन, चाय-नाश्ता और ठहरने समेत अन्य व्यवस्थाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 से तीर्थ यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। अब तक बड़ी संख्या में यात्रियों को विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा कराई जा चुकी है। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए भी सेवा की जाती है और वर्तमान यात्रा में करीब छह-सात यात्रियों को नि:शुल्क यात्रा कराई जा रही है।

अयोध्या पहुंचने पर यात्रियों ने राम मंदिर, कनक भवन, हनुमानगढ़ी और रामघाट समेत प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। यात्रा संचालक ने अयोध्या के विकास की सराहना करते हुए कहा कि राम मंदिर का निर्माण बेहद सुंदर हुआ है और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।

हालांकि, उन्होंने कहा कि दान से जुड़े पूर्व में सामने आए विवादों का कुछ असर श्रद्धालुओं की दान देने की प्रवृत्ति पर दिखाई दे रहा है। उनके अनुसार पहले की अपेक्षा लोग दान राशि चढ़ाने में कुछ संकोच कर रहे हैं।

उन्होंने रतलाम और आसपास के लोगों से धार्मिक यात्राओं में शामिल होने की अपील करते हुए बताया कि यात्राओं की बुकिंग व्हाट्सऐप और फेसबुक के माध्यम से की जाती है। अयोध्या यात्रा के बाद भी उनकी ओर से जगदीश-रामेश्वर, बद्रीनाथ समेत कई अन्य धार्मिक यात्राओं का आयोजन प्रस्तावित है।