लिटिल फ्लावर्स स्कूल में सुमधुर टेस्ट सीरीज-5 संपन्न
570 विद्यार्थियों ने लिया प्रतिभाग, बोर्ड के साथ नीट-जेईई की तैयारी पर जोर
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। लिटिल फ्लावर्स स्कूल, बस्ती की कटरा एवं मधुपुरम शाखाओं में सुमधुर टेस्ट सीरीज-5 का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा में दोनों शाखाओं के कुल 570 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
टेस्ट सीरीज के तहत नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को ध्यान में रखते हुए चैप्टरवाइज 150-150 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे गए। परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को नियमित कक्षा शिक्षण के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निरंतर अभ्यास कराना है, ताकि वे बोर्ड परीक्षाओं के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी बेहतर ढंग से कर सकें।
विद्यालय की ओर से बताया गया कि टेस्ट पेपर की आंसर की व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से साझा की जाएगी। विद्यार्थियों के अंक एवं रैंक मंगलवार को विद्यालय के नोटिस बोर्ड पर जारी किए जाएंगे।
विद्यालय के प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विद्यालय में प्रत्येक माह 15-15 दिन के अंतराल पर दो टेस्ट आयोजित किए जाते हैं। जुलाई से यह क्रम लगातार जारी है और भविष्य में भी इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय का लक्ष्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एक साथ कराने का है, जिससे उनमें नियमित अध्ययन, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित हो।
अंत में प्रबंधक ने टेस्ट सीरीज में शामिल सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय का संदेश है—“अनुशासन, शिक्षा और प्रतियोगिता—तीनों साथ।”