स्वाइन फ्लू को लेकर डॉ. वी के वर्मा ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मौसम में बदलाव के साथ स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसी क्रम में चिकित्सक डॉ. वी के वर्मा ने आमजन से स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए सावधानी बरतने और लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।
डॉ. वी के वर्मा ने बताया कि स्वाइन फ्लू एक संक्रामक श्वसन रोग है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने अथवा निकट संपर्क में आने से फैल सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि खांसी, छींक या बुखार होने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सक की सलाह लें।
उन्होंने कहा कि बचाव के लिए हाथों को नियमित रूप से साबुन से धोना, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक जाने से बचना, खांसते या छींकते समय मुंह-नाक को ढकना तथा बीमार व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखना जरूरी है। पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखना चाहिए।
डॉ. वर्मा ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और पहले से किसी बीमारी से पीड़ित लोगों को अधिक सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, अत्यधिक कमजोरी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
उन्होंने कहा कि जागरूकता और समय पर उपचार से स्वाइन फ्लू के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। लोगों को अफवाहों से बचते हुए स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों द्वारा जारी सलाह का पालन करना चाहिए।