आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर बनें आत्मनिर्भर – संयुक्त कृषि निदेशक
अनुराग लक्ष्य न्यूज
कृषि उद्यमिता प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
बस्ती। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), बस्ती में आयोजित 13 दिवसीय कृषि उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों को कृषि क्षेत्र में स्वरोजगार एवं उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।
समारोह में संयुक्त कृषि निदेशक बस्ती राम बचन, उप कृषि निदेशक संत कबीर नगर राकेश कुमार, उप कृषि निदेशक बस्ती अशोक कुमार, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक आर.एन. मौर्या तथा आरसेटी बस्ती के निदेशक मृत्युंजय मिश्रा की गरिमामयी सहभागिता रही। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए।
संयुक्त कृषि निदेशक ने प्रशिक्षणार्थियों को कृषि को व्यवसाय के रूप में अपनाने, आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने तथा उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। वहीं उप कृषि निदेशक ने कृषि आधारित उद्यम शुरू करने, व्यवसाय की योजना तैयार करने, बाजार की समझ विकसित करने तथा आय के नए स्रोत तैयार करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
आरसेटी निदेशक मृत्युंजय मिश्रा ने प्रशिक्षणार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि एग्री जंक्शन की दुकान खोलने में आरसेटी की ओर से हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही बैंक ऋण दिलाने में भी सहायता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं कौशल का अपने-अपने क्षेत्रों में उपयोग कर स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर आरसेटी के संकाय सदस्य श्री धीरज राय एवं अखिलेश मिश्रा, सहायक मंजय, आशीष त्रिपाठी, कृषि विभाग के बाबू चंद्रभान तथा डीएसटी शेखर दुर्गकर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।