धनघटा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, गणेश चंद्र चौहान, आलोक कुमार, संदीप कुमार मीना ने सुनी जनसमस्याएं
तीनों तहसीलों में 142 शिकायतों की सुनवाई, 31 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण
अधिकारियों को सख्त निर्देश, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। 18 जुलाई 2026 को धनघटा तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
धनघटा तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान कुल 59 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 20 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विधायक गणेश चंद्र चौहान ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों का निस्तारण मौके पर जाकर किया जाए और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद सहित अन्य मामलों में सभी पक्षों की उपस्थिति में स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों की सुनवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना द्वारा की गई। उन्होंने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि हर मामले में मौके पर जाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिससे पीड़ित को त्वरित न्याय मिल सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, उप जिलाधिकारी धनघटा रविकांत चौबे, पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय मिश्रा, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ, जहां 37 प्रार्थना पत्रों में से 4 का मौके पर निस्तारण किया गया तथा अन्य मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नायब तहसीलदार प्रियंका तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
खलीलाबाद तहसील में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 46 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों के लिए संबंधित अधिकारियों को समयसीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान उप जिलाधिकारी हृदय राम तिवारी, तहसीलदार आनंद ओझा सहित अन्य राजस्व अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
तीनों तहसीलों में कुल 142 प्रार्थना पत्रों की सुनवाई हुई, जिनमें से 31 मामलों का तत्काल निस्तारण कर फरियादियों को राहत प्रदान की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है।