डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने किया जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव का भव्य स्वागत
सूर्या कैंपस में सम्मान समारोह, कार्यकाल विस्तार पर दी बधाई
बोले बलिराम यादव— सरकार के विश्वास पर खरा उतरकर जनसेवा को दूंगा नई दिशा
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल बढ़ाए जाने और उन्हें प्रशासक नियुक्त किए जाने के बाद जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव को लगातार बधाइयाँ मिल रही हैं।
इस अवसर पर सूर्या कैंपस में एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव का जोरदार अभिनंदन हुआ। कार्यक्रम में उनके राजनीतिक गुरु एवं सूर्या ग्रुप के एमडी डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अपने पुत्र अखंड प्रताप चतुर्वेदी के साथ मिलकर फूलमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत किया तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि कार्यकाल बढ़ने से विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बलिराम यादव अपने बढ़े हुए कार्यकाल में जनपद को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
वहीं, इस नए दायित्व से अभिभूत जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जताए गए विश्वास पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनकी प्राथमिकता है और वे पूरी निष्ठा के साथ जनपद के विकास के लिए कार्य करते रहेंगे।