हर्रैया में वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ बना जनआंदोलन विधायक अजय सिंह के पैतृक आवास पर जुटे राज्यमंत्री समेत जनप्रतिनिधि
शक्ति शरण उपाध्याय
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के तहत रविवार को हर्रैया विधानसभा के विधायक अजय सिंह के पैतृक आवास लजघटा अमारी बाजार में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री डॉ. दानिश आजाद अंसारी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर में चल रहा वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ सुरक्षित और हरित वातावरण देने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक पौधारोपण के साथ उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। कार्यक्रम में विधायक अजय सिंह ने कहा कि प्रकृति की रक्षा ही मानव जीवन की सुरक्षा है। उन्होंने लोगों से अधिकाधिक पौधारोपण कर हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की। क्षेत्र के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी सक्रिय पहल की भी उपस्थित लोगों ने सराहना की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विक्रमजोत कृष्ण कुमार सिंह, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, वन क्षेत्र अधिकारी शारदानंद तिवारी अखिलेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधियों कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।