रामलीला मैदानों के विकास पर संस्कृति विभाग की बड़ी पहल, छह जनपदों में होंगे सौंदर्यीकरण कार्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सार्वजनिक रामलीला मैदानों के विकास, विस्तार, जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए वृहद परियोजनाएं प्रस्तावित की हैं। संस्कृति विभाग द्वारा छह जनपदों में इन परियोजनाओं को शामिल किया गया है, जिसके तहत रामलीला स्थलों को बेहतर सुविधाओं और सांस्कृतिक स्वरूप के साथ विकसित किया जाएगा।यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने मंगलवार को दी। उन्होंने बताया कि जनपद शाहजहांपुर के टाउन एरिया कोट में स्थित रामलीला मैदान का विकास, विस्तार, जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। इसी क्रम में गोरखपुर के नगर क्षेत्र बड़हलगंज में रामलीला मैदान को भी नई सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा।मंत्री ने बताया कि फिरोजाबाद जनपद की जसराना विधानसभा क्षेत्र के कस्बा खैरगढ़ स्थित रामलीला स्थल के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त फर्रुखाबाद की नगर पंचायत कमालगंज में रामलीला मैदान के विकास और पुनरोद्धार की योजना प्रस्तावित है। वहीं, लखीमपुर खीरी के विकास खंड बाकेगंज के ग्राम कुकुरा स्थित रामलीला मैदान में बाउंड्रीवाल निर्माण और आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश के कई रामलीला मैदानों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इसे देखते हुए सरकार ने इन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 की बड़ी परियोजनाओं में शामिल किया है, ताकि सुरक्षा, संरक्षा और आधारभूत सुविधाओं से संबंधित कार्य कराए जा सकें। उन्होंने बताया कि रामलीला मैदानों की दीवारों पर रामायण के प्रसंगों से संबंधित चित्रलेखन भी कराया जाएगा, जिससे इन स्थलों का सांस्कृतिक महत्व और अधिक बढ़ेगा।उन्होंने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जीवन से जुड़े प्रसंगों का मंचन समाज को नैतिक मूल्यों से जोड़ता है और युवा पीढ़ी के लिए सांस्कृतिक चेतना का माध्यम बनता है। इसी उद्देश्य से सरकार रामलीला मैदानों के संरक्षण और पुनरोद्धार पर विशेष ध्यान दे रही है।