प्रयागराज। संगम की पावन धरती प्रयागराज में देव दीपावली का पर्व इस बार दीपों की रोशनी के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश से भी जगमगा उठा। ITC मिशन सुनहरा कल के तत्वावधान में नगर निगम प्रयागराज के सहयोग से सामुदायिक नेतृत्व में विकेंद्रीकृत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत ‘स्वच्छ देव दीपावली’ का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान दशाश्वमेध घाट पर फूलों से आकर्षक रंगोली सजाई गई। दीपों की कतारों और स्वास्तिक के शुभ प्रतीक के माध्यम से श्रद्धा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। आयोजन में अपर नगर आयुक्त, जोनल स्वच्छता अधिकारी (ZSO), सफाई निरीक्षक (SI) सहित नगर निगम के अधिकारी एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ITC मिशन सुनहरा कल की टीम ने लोगों को कचरे के सही पृथक्करण के प्रति जागरूक किया। बताया गया कि गीला कचरा हरे डिब्बे, सूखा कचरा नीले डिब्बे, सैनिटरी वेस्ट लाल डिब्बे तथा विशेष देखभाल वाले कचरे को काले डिब्बे में डालना चाहिए। टीम ने कहा कि कचरे का सही तरीके से अलग-अलग संग्रहण ही स्वच्छता की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
आयोजन के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि धार्मिक आस्था के साथ घाटों और नदियों की स्वच्छता बनाए रखना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में शामिल सहयोगियों ने स्वच्छ घाट, स्वच्छ गंगा और स्वच्छ प्रयागराज का संकल्प दोहराया।
ITC मिशन सुनहरा कल की टीम ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।







Views Today : 18938
Who's Online : 30