उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर मंथन, सीडीओ ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने पर जोर, निवेशमित्र पोर्टल सहित विभिन्न योजनाओं की हुई समीक्षा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ औद्योगिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उद्यमियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को रखा, जिनकी विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में विद्युत के जर्जर तारों, सड़कों की बदहाल स्थिति, जल निकासी, शहर में जाम की समस्या सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उद्यमियों ने कई प्रकरण लंबे समय से लंबित होने की जानकारी देते हुए उनके शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई। इस पर सीडीओ सार्थक अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी उद्यमी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए विभागीय समन्वय बेहतर बनाते हुए समस्याओं का प्रभावी समाधान किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास जनपद की आर्थिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। शासन की मंशा के अनुरूप निवेशकों एवं उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उद्योगों की स्थापना और संचालन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित हो।
बैठक में निवेशमित्र पोर्टल, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद एवं वित्त पोषण सहायता योजना की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को विभागीय लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, उपायुक्त प्रशासन राज्यकर उपेंद्र यादव, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अशोक मद्धेशिया, एनएचएआई एवं विद्युत विभाग के प्रतिनिधि, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, महासचिव हरीश चंद्र शुक्ला, उद्योग व्यापार मंडल के जगदीश अग्रहरि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं उद्यमी उपस्थित रहे।






Views Today : 24418
Who's Online : 12