बस्ती पहुंची CBI की टीम ने रिश्वत लेते बैंक मैनेजर व कर्मी को किया गिरफ्तार….
सीबीआई ने मंगलवार को बस्ती में यूपी ग्रामीण बैंक की मखौड़ाधाम शाखा में एक दुकानदार से रिश्वत लेते हुए मैनेजर नवीन सिंह कुलदीप और कर्मचारी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित दुकानदार ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत ऋण लिया था। इसकी दूसरी किस्त देने के नाम पर उससे 15 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी।
पांवड़ गांव में रहने वाले सचिन मौर्या ने सीबीआई के एसपी से शिकायत की थी कि उसकी दुकान बेरता चौराहा है। अपना व्यापार बढ़ाने के लिए उसने यूपी ग्रामीण बैंक में पांच लाख रुपये ऋण लेने के लिए आवेदन किया था। पहली किस्त उसे दो लाख 72 हजार रुपये मिल गए थे। शेष रकम की दूसरी किस्त देने के नाम पर मैनेजर नवीन ने उससे कहा कि कर्मचारी अनिल को 15 हजार रुपए दे दो।
रुपये न देने पर उसे दूसरी किस्त नहीं जारी की जा रही थी। सीबीआई ने इस शिकायत पर अपनी टीम को बस्ती में बैंक की मखौड़ाधाम शाखा भेजा था। यहां पर दोनों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। सीबीआई दोनों आरोपियों को बुधवार को कोर्ट में पेश करेगी।